मेरठ जैन समाज का आयोजन, मंत्री असीम अरुण ने आचार्य सौरभ सागर जी महाराज से लिया आशीर्वाद
मेरठ। रेलवे रोड स्थित वर्धमान एकेडमी के प्रांगण में परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित भव्य धार्मिक एवं सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माननीय श्री असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी की ओर से उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जैन मंदिर रेलवे रोड तथा मंदिर कमिटी के पदाधिकारियों ने मंत्री श्री असीम अरुण का गर्मजोशी से स्वागत किया। जैन समाज के अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’ ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया और समाज की ओर से अपने विचार व्यक्त किए।
समारोह का प्रमुख आकर्षण परम पूज्य आचार्य 108 श्री सौरभ सागर जी महाराज का मंगल आगमन रहा। जैसे ही आचार्य श्री मंच पर पधारे, पूरा प्रांगण गुरु भक्ति के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद पूज्य गुरुदेव के चरणों में दीप प्रज्ज्वलन किया गया तथा आरती उतारी गई।
धर्मसभा में आचार्य श्री सौरभ सागर जी महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को अपने अमृत वचनों से सन्मार्ग, धर्म और समाज सेवा के पथ पर आगे बढ़ने का मंगल आशीर्वाद दिया। उन्होंने धार्मिक मूल्यों के साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा भी दी।
कार्यक्रम के सम्मान सत्र में जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी की ओर से मंत्री श्री असीम अरुण को पूज्य आचार्य श्री के पावन सानिध्य में शॉल, स्मृति चिन्ह और अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। जैन समाज ने उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली, प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शिता तथा समाज सेवा के प्रति समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। साथ ही उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं तेजस्वी जीवन की मंगल कामना की गई।
सम्मान समारोह के बाद मंत्री श्री असीम अरुण ने पूज्य आचार्य श्री के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उन्हें श्रीफल अर्पित किया और उनका आशीर्वाद ग्रहण किया। उन्होंने जैन समाज एवं जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी का सम्मान के लिए आभार जताया और समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित भाव से सहयोग करते रहने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मंत्री श्री असीम अरुण ने जैन समाज के धार्मिक एवं सामाजिक मूल्यों की सराहना करते हुए कहा, “जैन समाज सदैव से अहिंसा, करुणा, त्याग और उच्च नैतिक मूल्यों का प्रतीक रहा है। समाज कल्याण, शिक्षा, चिकित्सा और परोपकार के क्षेत्रों में जैन समाज का योगदान अतुलनीय और अनुकरणीय है।”
उन्होंने जैन समाज की सेवा भावना और अनुशासित जीवनशैली को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा, “जैन समाज की निस्वार्थ सेवा भावना और अनुशासित जीवन शैली हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। मैं विश्वास दिलाता हूँ कि समाज के हर जनहितैषी प्रयास, उत्थान और कल्याणकारी कार्यों में मैं सदैव जैन समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहूँगा तथा समाज कल्याण के कार्यों में निरंतर समर्पित भाव से सहयोग करता रहूँगा।”
श्री असीम अरुण ने जैन समाज द्वारा अहिंसा के मार्ग का अनुसरण करते हुए सामाजिक मूल्यों और जिम्मेदारियों के निर्वहन की संकल्पित जीवन शैली की भी प्रशंसा की। उन्होंने समाज की जनहितकारी गतिविधियों और सेवा भावना को महत्वपूर्ण बताते हुए सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर अध्यक्ष श्री सुरेश चंद्र जैन ‘रितुराज’, सुरेंद्र जैन, योगेश जैन, नेटवर्क 10 न्यूज चैनल के डायरेक्टर नीरज जैन, समिति के समस्त पदाधिकारी तथा जैन समाज के बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वर्धमान एकेडमी में आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, गुरु भक्ति और सामाजिक सम्मान का सुंदर संगम रहा। आचार्य श्री सौरभ सागर जी महाराज का मंगल आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ मंत्री श्री असीम अरुण ने जैन समाज के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। समारोह ने धर्म, अहिंसा, सेवा और समाज कल्याण के मूल्यों को आगे बढ़ाने का सकारात्मक संदेश दिया।



भवदीय:
समस्त जैन समाज
जैन बोर्डिंग हाउस सोसाइटी
वर्धमान एकेडमी, रेलवे रोड, मेरठ